बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को करीब 12 बजे बस्ती पहुंच गए। जिले के पुलिस लाइन में सीएम योगी का हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल, रवि सोनकर सहित अन्य नेताओं ने सीएम योगी का स्वागत किया। इसके बाद सीएम सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए। हेलीपैड पर कमिश्नर अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, एएसपी ओपी सिंह भी मौजूद रहे।
- जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद होगी समीक्षा बैठक
जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिसके अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे बस्ती मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक करेंगे। इसके उपरांत आयुक्त सभागार में दोपहर 12ः30 बजे से मंडलीय विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में बस्ती मंडल के सभी जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। जनपद संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर के सभी अधिकारी की बैठक में वर्चुअल शामिल होंगे।
- करीब पौने 3 घंटे बस्ती में रहेंगे सीएम
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह 11ः55 पर पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह दोपहर 2ः35 पर दोबारा हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दोपहर 2ः40 पर गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। यानी इस प्रकार मुख्यमंत्री जिले में शुक्रवार को करीब पौने तीन घंटे रहेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सिविल लाइन क्षेत्र में बृहस्पतिवार से ही युद्ध स्तर पर साफ सफाई का कार्यक्रम जारी रखा गया है।
No comments:
Post a Comment