बस्ती। लोकमंगल की कामना से देव लोक से ही पत्रकारिता करने वाले देवर्षि नारद की जयंती के अवसर पर हमें राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत होकर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए शत प्रतिशत मतदान के लिए तैयार रहना होगा। शत प्रतिशत मतदान से राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा।
उक्त बातें प्रधानाचार्य एवं पूर्व सदस्य मा0 शिक्षा सेवा चयन बोर्ड उ0प्र0 दिनेश मणि त्रिपाठी ने कहीं। वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचार विभाग द्वारा आयोजित देवर्षि नारद जयंती एवं लोकमत परिष्कार संगोष्ठी को बतौर मुख्य वक्ता के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद तीनों लोकों के पहले संवाददाता के रूप में जाने जाते हैं। मुनियों, संतों की सेवा ही उनका आदर्श था। ब्रम्हा जी के मानस पुत्रों में महर्षि नारद का विशिष्ट स्थान है। भगवत भक्ति, संतों की सेवा ने नारद को देवर्षि की उपाधि प्रदान की। उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद का यह गुण था कि वे नकारात्मक प्रवृत्तियों के पास भी जाकर सकारात्मकता का भाव लाते थे। वसुधैव कुटुम्बकम का भाव उनके क्रियाकलाप में था। नारद पहले संवाददाता थे जो घटना स्थल पर जाकर प्रमाणिकता के आधार पर घटना का प्रस्तुतीकरण करते थे। उनका जीवन, आदर्श हम सबके लिए अनुकरणीय है। सबसे पहले भोजपत्रों पर लेखन कार्य भी भारत में ही हुआ।
उन्होंने कहा कि पं0 जुगल किशोर शुक्ल ने कलकत्ता से 30 मई, 1826 को उदन्त मार्तण्ड; साप्ताहिक समाचार पत्र का प्रकाशन शुरू किया। यह भारत का पहला हिन्दी समाचार पत्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि शुरु से ही हिंदी पत्रकारिता को बहुत चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समय के साथ इनका केवल स्वरूप बदला. लेकिन तमाम चुनौतियों के साथ ही हिंदी पत्रकारिता ने वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्र का गौरव ही हमारा स्वाभिमान है। लोकतंत्र में पत्रकारिता का विशेष महत्व है। मीडिया भी इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भूमिका से जन मानस को जागरुक करके लोकतंत्र को सशक्त कर रहा है। राष्ट्रहित में एक मत की कीमत समाज को बताने की जिम्मेदारी पत्रकारिता की उपलब्धि है। 500 वर्षों की दासता और कुर्बानियों को याद करके हमें लोकमत परिष्कार करना है। मतदान हमारा अधिकार व कर्तव्य है। पहले मतदान करें फिर जलपान करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी विवेक गिरोत्रा एवं संचालन विभाग प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा देवर्षि नारद के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
गोष्ठी में विभाग संघचालक नरेंद्र भाटिया, विभाग प्रचारक अजय नारायण, प्रांत समरसता प्रमुख सुभाष शुक्ल, विभाग कार्यवाह आशीष, प्रांत मंत्री विश्व हिंदू परिषद कुंवर नागेंद्र प्रताप सिंह, जिला संपर्क प्रमुख रंजीत सिंह, वीरेंद्र शुक्ल, नीरज, श्रीराम, धर्मराज मिश्र, आशीष श्रीवास्तव, अभिनव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment