बस्ती। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रदेश प्रवक्ता मो. रफीक खां ने कहा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भाषा की मर्यादा नहीं तोड़नी चाहिये। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर अखिलेश यादव द्वारा की गई टिप्पणी पर चिन्ता व्यक्त करते हुये कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, उनसे राजनीति में शालीनता की अपेक्षा की जाती है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से मो. रफीक खां ने कहा कि इण्डिया गठबंधन बना रहे, अपने लक्ष्य को प्राप्त करे इस दिशा में सपा प्रमुख को धैर्य बनाये रखना होगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पार्टी के समर्पित नेता है और उत्तर प्रदेश के बारे में अपनी राय रखना उनका दायित्व भी है। प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं का अजय राय को विश्वास प्राप्त है। उन पर अमर्यादित टिप्पणी कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद का ही कद छोटा किया है। जहां तक मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ, तेलंगाना, मिजोरम में हो रहे विधानसभा चुनावों में सीटों के बटवारे की बात है तो अभी तक इण्डिया गठबंधन में विधानसभा चुनावोें में ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अनेक राज्यों में तो जहां कांग्रेस सरकार बनाने की ओर बढ रही है वहां सपा का अस्तित्व ही नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सपा प्रमुख कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर बयानबाजी से बचें और संयम के साथ भाषा की मर्यादा बनाये रखे।
No comments:
Post a Comment