नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के अधिकारी द्वारा नाबालिग लड़की से रेप के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोपित महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अधिकारी ने कई महीनों तक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और उसे गर्भवती कर दिया। इस दौरान आरोपित अधिकारी की पत्नी ने बच्ची को गर्भपात के लिए दवा खिलाई थी। वहीं इस बीच आरोपित पति-पत्नी का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
दरअसल, खबर सामने आने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित अधिकारी को अपने परिवार के साथ भागने की कोशिश करते देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को नीली शर्ट पहने चलती कार में बैठे देखा जा सकता है, क्योंकि उसने सोमवार सुबह 9ः35 बजे भागने की कोशिश की थी। सीसीटीवी फुटेज को दिल्ली पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी सरकारी अधिकारी एक वकील के संपर्क में था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कोर्ट में जमानत याचिका लगाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे उत्तरी दिल्ली इलाके से गिरफ्तार किया है।
आरोपी प्रेमोदय खाखा पर अपने दोस्त की 14 साल की बेटी (अब 17 साल की) के साथ कई महीनों तक दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का आरोप है। अधिकारी की पत्नी पर पीड़िता को गर्भपात की गोलियां देने का आरोप लगाया गया है। दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आदेश पर दिल्ली सरकार के अधिकारी को भी निलंबित कर दिया गया है। पीड़िता दिल्ली में 12वीं कक्षा की छात्रा है और 1 अक्टूबर, 2020 को अपने पिता की मृत्यु के बाद आरोपी प्रेमोदय खाखा और उसके परिवार के साथ रह रही थी।
No comments:
Post a Comment