लखनऊ। वैसे तो लोकसभा चुनाव में अभी करीब 8 माह का वक्त है, लेकिन समाजवादी पार्टी की तरफ से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद सीट से अपने प्रत्याशी का नाम तय कर दिया गया है। फिरोजाबाद सीट से अक्षय यादव सपा के उम्मीदवार होंगे। इसकी घोषणा खुद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने की। उन्होंने पार्टी के लोक जागरण कार्यक्रम में न केवल अक्षय के इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया बल्कि कहा कि वे खुद अब उनकी जीत के लिए मोर्चा संभालेंगे।
दरअसल, 2016 में पार्टी और परिवार में मतभेद के बाद अलग हुए शिवपाल यादव मुलायम सिंह के निधन के बाद एक बार फिर से समाजवादी पार्टी में हैं। उन्होंने फिरोजाबाद में पार्टी के एक कार्यक्रम दौरान कहा कि ‘इस बार ये चाचा फिरोजाबाद संसदीय चुनाव में अक्षय की विजय का निमित्त बनेंगे’। कहा यह भी जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवपाल यादव ने ही अक्षय यादव का खेल बिगाड़ दिया था। उनके मैदान में उतरने की वजह से अक्षय को चुनाव में हार मिली थी। अब घर वापसी के बाद शिवपाल यादव अपनी इस गलती को 2024 में सुधारने की बात कह रहे हैं।
बता दें कि अक्षय यादव सपा के राष्ट्रिय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव के बेटे हैं। 2014 से 2019 तक वे फिरोजाबाद लोकसभा सीट से सांसद रहे. 2019 में एक बार फिर पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया, लेकिन शिवपाल यादव ने अपनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़े। माना जाता है कि शिवपाल के लड़ने की वजह से अक्षय को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन अब जब पार्टी और परिवार में सुलह हो चुकी है तो 2024 में शिवपाल सिंह यादव अक्षय की जीत का निमित्त बनेंगे।
No comments:
Post a Comment