<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, August 18, 2023

घोसी उपचुनाव : चर्चा में रही है यह विधानसभा सीट, दिमाग घुमाने वाले हैं जातिगत समीकरण

मऊ। उत्तर प्रदेश के घोसी में उपचुनाव होना है. यहां सत्तारूढ़ बीजेपी का सपा सहित अन्य पार्टियों से रोचक मुकाबला है। मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट चर्चित सीट है। यहां के जातिगत समीकरण कई बार बड़ा उलट-फेर करते हैं। घोसी में मतदाताओं की संख्या 430393 है। इनमें पुरुष 231545, महिलाएं 198848 और अन्य 9 है। यहां मतदेय स्थल 455 और मतदान केंद्र 239 हैं। इस क्षेत्र के बड़े मुद्दों में विकास न होना, सिंचाई की समस्या, बाहरी नेताओं का घोसी पर कब्जा, जनता की आवाज विधान सभा नहीं पहुंच पाना शामिल हैं। बड़े मुद्दों में किसानों के मुद्दे भी शामिल हैं। आरोप लगाया जाता है कि घोसी चीनी मिल किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर नहीं करती।

यहां किसानों की संतानों की पढ़ाई-लिखाई और उनकी समय से शादी न होना भी किसानों से जुड़ा बड़ा मुद्दा हैं। घोसी के प्रमुख स्थलों में राजा नहुष की कोट, चीनी मिल, आसवनी मिल शामिल हैं। गौरतलब है कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से दारा सिंह चौहान ने भाजपा के विजय कुमार राजभर को 22216 मतों के अंतर से हराया था। दारा सिंह चौहान को कुल 1,08,430 वोट मिले थे। वहीं बीजेपी के विजय राजभर को 86,214 मत प्राप्त हुए थे। इसके अलावा तीसरे नंबर पर बीएसपी के वसीम इकबाल रहे थे। वसीम इकबाल को 54,248 वोट मिले थे। ऐसे में दारा सिंह चौहान के सपा और विधायकी पद से इस्तीफे के बाद एक बार फिर से घोसी सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है।
घोसी राजनीतिक पृष्ठभूमि
घोसी विधानसभा सीट के चुनावी अतीत की बात करें तो यहां से साल 1977 में जनता पार्टी के विक्रम राय, 1980 में कांग्रेस के केदार विधायक निर्वाचित हुए। इस विधानसभा सीट से 1985 में लोक दल, 1991 में जनता दल, 1996 और 2002 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), 2007 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर फागू सिंह चौहान विधानसभा चुनाव जीते। घोसी विधानसभा सीट से 1989 में कांग्रेस के सुभाष, 1993 में बसपा के अक्षयवर भारती, 2012 में सपा के सुधाकर सिंह, 2019 में बीजेपी के फागू चौहान, उपचुनाव 2019 में विजय राजभर, 2022में दारा सिंह चौहान विधायक निर्वाचित हुए।
उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने सपा छोड़कर आए दारा सिंह चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है। अब इस सीट पर सीधा मुकाबला बीजेपी के दारा सिंह चौहान और सपा के सुधाकर सिंह के बीच होने की संभावना है। गौरतलब है कि दारा सिंह चौहान के अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। इस सीट पर 5 सितंबर को उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 8 सितंबर को आएंगे। जानकारी के मुताबिक बीजेपी से घोसी उपचुनाव के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान 16 अगस्त को नामांकन करेंगे। दारा सिंह चौहान के नामांकन में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ओपी राजभर, संजय निषाद और आशीष पटेल शामिल होंगे।
दो बार विधायक रह चुके हैं सपा के प्रत्याशी सुधाकर
गौरतलब है कि सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह पूर्व में दो बार विधायक भी रह चुके हैं। वे एक बार मधुबन सीट और एक बार घोसी सीट से विधायक रहे हैं। 2017 में सपा ने उन्हें घोसी सीट से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2019 के उपचुनाव में एक बार फिर सुधाकर सिंह सपा के टिकट से मैदान में थे, लेकिन एक बार फिर निराशा हाथ लगी। इस बार सपा ने उन्हीं पर दांव खेला है। सुधाकर सिंह राजपूत विरादरी से आते हैं, लिहाजा अखिलेश यादव ने पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ सवर्ण मतदाता पर भी निशाना साधा है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages