नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में बृहस्पतिवार को हंगामा देखने को मिला। सदन में हंगामा मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा कराए जाने को लेकर हुआ। विरोध को देखते हुए दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 4 विधायकों को मार्शलों ने बाहर कर दिया।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने पूर्वाेत्तर राज्य में हिंसा को लेकर अल्पकालिक चर्चा शुरू की। चर्चा शुरू होने के बाद भाजपा विधायक इसके विरोध में खड़े हो गए। उनका कहना था कि दिल्ली विधानसभा में दिल्ली से संबंधित मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। भाजपा विधायकों ने मणिपुर की बजाय दिल्ली की समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करने की बात कही और इसी बीच हंगामा तेज होने लगा।
उप सभापति राखी बिड़लान ने क्या कहा?
उप सभापति राखी बिड़लान ने भाजपा विधायकों के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘क्या उन्हें लगता है कि मणिपुर विधानसभा में चर्चा के लिए कोई मुद्दा नहीं है? उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी मणिपुर मुद्दे पर चर्चा हुई।’ भाजपा विधायकों ने अपना विरोध जारी रखा जिसके बाद उनमें से चार विधायक अभय वर्मा, जितेंद्र महाजन, अजय महावर और ओपी शर्मा - को मार्शलों की मदद से सदन से बाहर निकाल दिया गया।
विरोध के साथ सदन में जमकर नारेबाजी
सदन में हंगामा बढ़ने पर आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा इस मुद्दे पर चर्चा नहीं चाहती है। विरोध के साथ ही सदन में भारी नारेबाजी भी देखने को मिली।
No comments:
Post a Comment