बस्ती। कांग्रेस आर.टी.आई. प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव महेन्द्र श्रीवास्तव ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी द्वारा बार बालाओें के साथ डांस और ‘राजा दिल मांगे चवन्नी उछाल के गाने की फरमाइश किये जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि जनपद के प्रथम नागरिक द्वारा किया गया यह कृत्य चिन्ताजनक है। संजय चौधरी ने अपने कृत्य से जिला पंचायत अध्यक्ष पद की गरिमा को कलंकित किया है।
कांग्रेस नेता महेन्द्र ने कहा कि भाजपा के लोग तो राजनीति में शुचिता, पवित्रता, नैतिकता की बात करते हैं किन्तु वीडियो में जिस प्रकार की हरकत जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी कर रहे हैं उससे भाजपा का वास्तविक चाल, चरित्र चेहरा सामने आ गया है। कांग्रेस नेता महेन्द्र ने कहा कि देश मणिपुर की घटना को लेकर आक्रोश में है, बहू, बेटियों की इज्जत खतरे में हैं और उनका कत्लेआम किया जा रहा है, ऐसे दुःखद समय में जिला पंचायत अध्यक्ष का यह कृत्य दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि मणिपुर की घटना के लिये सीधे तौर पर केन्द्र और मणिपुर की सरकार जिम्मेदार है। जरा-जरा सी बात पर संवाद बनाने वाले प्रधानमंत्री की चुप्पी का दुष्परिणाम मणिपुर के लोग भोग रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि अच्छा हो कि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी अपने कृत्य के लिये सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, कहा कि इस जारी वीडियो का जनता आने वाले चुनावों में हिसाब लेगी। राजनीति में बड़े पदों पर इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
No comments:
Post a Comment