मध्य प्रदेश। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का आज रविवार को स्थापना दिवस है। आज ही के दिन 9 जुलाई 1949 को संघ कार्यकर्ता बलराज मधोक की अगुआई में इसकी स्थापना हुई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एबीवीपी के स्थापना दिवस पर संगठन से जुड़े सभी विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए समर्पित एबीवीपी का आज स्थापना दिवस है। इस अवसर पर मैं अपने सभी युवा साथियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरा विद्यार्थी परिषद से अत्यधिक अपनेपन और आत्मीयता का रिश्ता है। यहीं से मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई है। इसी संगठन से मुझे देश प्रेम, राष्ट्र सेवा और जनकल्याण हेतु जीवन समर्पित करने का संकल्प तथा अपना सर्वस्व झोंककर राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिली है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संगठन का हर सदस्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए समर्पित है। आप सभी साथी इसी समर्पण के साथ देश और समाज की उन्नति के कार्यों में रमे रहें, देश को आगे बढ़ाते हुए स्वयं भी आगे बढ़ें, यही कामना करता हूं।
No comments:
Post a Comment