नई दिल्ली। नीदरलैंड के जाने-माने हॉकी गोलकीपिंग कोच डेनिस वान डे पोल भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपरों के लिए दो विशेष शिविर आयोजित करने वाले हैं। हॉकी इंडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।हॉकी इंडिया ने बताया कि भारतीय टीम के साथ डेनिस वान डे पोल का पहला शिविर 13 जुलाई को शुरू होगा और 19 जुलाई को समाप्त होगा। इसके बाद चीन के हांगझोऊ में आयोजित होने वाले एशियाई गेम्स 2023 से पहले डेनिस 07 सितंबर से 14 सितंबर तक एक और प्रशिक्षण शिविर के लिए भारत लौटेंगे।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम बेंगलुरु स्थित साई सेंटर में एक सप्ताह तक चलने वाले शिविर के दौरान विशेष सत्र में भाग लेगी, जिसकी देखरेख भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन करेंगे। शिविर में पीआर श्रीजेश, कृष्ण पाठक, सूरज करकेरा, प्रशांत कुमार चौहान और पवन मलिक शामिल होंगे।हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में डेनिस वान डे पोल ने कहा कि मैं शिविर के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ जुड़ने का इंतजार कर रहा हूं। भारत एक शानदार टीम है और इस टीम के साथ काम करना हमेशा बहुत रोमांचक होता है। हमने पहले भी कुछ उत्कृष्ट सत्र साथ किये हैं और मैं आगामी शिविर की शुरुआत के लिए इंतजार नहीं कर सकता।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ डेनिस वान डे पोल के काम करने पर खुशी है। यह वर्ष की एक बहुत ही महत्वपूर्ण अवधि है। इससे टीम को अपने कौशल को निखारने में मदद मिलेगी। मुझे यकीन है कि शिविर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए काफी उपयोगी होगा।यह शिविर हांगझोऊ एशियाई खेल 2023 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की तैयारियों का हिस्सा है। इसके अलावा एशियाई खेल 2023 से पहले भारतीय टीम 100वीं वर्षगांठ स्पेनिश हॉकी फेडरेशन-अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेगी, जो 25 से 30 जुलाई तक खेला जाएगा। इसके बाद अगस्त में चेन्नई में हीरो एशियन चौंपियंस ट्रॉफी 2023 होगी।
No comments:
Post a Comment