<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, July 17, 2023

भाजपा नेता ने नीतीश कुमार की तुलना जनरल ओ डायर से की, कहा जंगलराज 3 की हुई वापसी

सासाराम। विधानसभा मार्च के दौरान बीते दिनों पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह काराकाट लोकसभा क्षेत्र प्रभारी त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि बिहार के युवाओं एवं शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से सरकार के इशारे पर लाठी डंडे बरसाए गए उससे प्रतीत हो रहा था कि सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करना चाहती हो और हुआ भी यही। इस दौरान हमारे एक कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसका मैं खुद साक्षी हूं।


मैं बैरिकेड से लगभग 200 मीटर पीछे दूर खड़ा था लेकिन मेरे सर पर पीछे से डंडे बरसाए गए। जिससे मेरा सर फट गया और 14 टांके लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि आप एक भी वीडियो फुटेज नहीं दिखा सकते जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहीं भी उपद्रव किया हो। बल्कि ऐसे कई वीडियो फुटेज सामने आए हैं जिसमें साफ तौर से देखा जा सकता है कि पुलिस ने कितनी बर्बरता से महिला, वृद्ध एवं भाजपा के वरीय पदाधिकारियों को गिरने के बाद भी पीटा है। श्री सिंह ने कहा कि न्याय के साथ विकास की बात करने वाले नीतीश कुमार ये कैसा न्याय कर रहे हैं उन्हें इसका विश्लेषण करना चाहिए। लोकतंत्र में अगर प्रतिरोध एवं अपनी मांगों को रखने की भी जगह ना रहे तो इस लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं। यह जंगलराज 3 की वापसी है और अगर नीतीश कुमार की तुलना जनरल ओ डायर से की जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। साथ हीं श्री सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारा खून बिहार के युवाओं के लिए बहा है तथा मैं अपने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज के बावजूद भी दिखाए गए धैर्य के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी, जिला महामंत्री विजय सिंह, प्यारेलाल ओझा, अशोक शाह, विवेक सिंह, मीडिया प्रभारी ई पुलकित सिंह, बबल कश्यप, नवीनचंद शाह, रोहित राज, शशिभूषण प्रसाद, आर्यन सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages