नई दिल्ली। भाजपा ने एक बार फिर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा है। दरअसल, राहुल गांधी चीन मामले को लेकर सरकार पर हमलावर रहते हैं। इसी पर भाजपा की ओर से पलटवार किया गया है। भाजपा ने साफ तौर पर कहा है कि राहुल गांधी चाहते हैं कि भारत, चीन के आगे नतमस्तक हो जाए। इसके साथ ही भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भ्रमण करते करते खुद ही भ्रम के शिकार हो गए हैं। भाजपा की ओर से पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आज एक संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के बयान की निंदा भी की। त्रिवेदी ने गांधी पर 135 करोड़ भारतीयों का मनोबल गिराने का भी आरोप लगाया। भाजपा का यह पलटवार राहुल गांधी के उस दावे पर आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि चीन भारत के साथ उसी सिद्धांत पर अमल कर रहा है, जो रूस ने यूक्रेन के साथ अपनाया है क्योंकि वह (चीन) भारत की सीमाओं को बदलने की धमकी दे रहा है।
राहुल के इसी बयान पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ा यात्रा के दौरान भ्रमण करते करते भ्रम के शिकार हो गए हैं। वो लगातार भ्रम में पड़ रहे हैं। लेकिन उन्होंने भारत का भ्रम दूर कर दिया है... चीन पर दिया गया उनका बयान ऐसा इंगित कर रहा है कि भारत चीन के आगे नतमस्तक हो जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पहले सेना और अब भारतीयों के सम्मान को गिराने का काम राहुल क्यों कर रहे हैं। राहुल 4-5 देशों का नाम बता दें कि कौन आज चीन के साथ खड़े हैं जबकि भारत के साथ दुनिया खड़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल जी, भारत में घूमने से नहीं... भारत को समझने से भारतीयता को समझा जा सकता है। इनकी चार पीढ़ी से 'Discovery of India' ही चल रही है। भाजपा प्रवक्ता ने साफ कहा कि राहुल जी ने देश के सामने अपनी मंशा को साफ कर दिया है कि भारत को ठीक उसी प्रकार चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए जैसा उनकी सरकार के दौरान होता था।
भाजपा के राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि राहुल ने साफ कर दिया कि जैसे कभी आपके जमाने में खानदानी रवायत के चलते हमने अपनी जमीन गंवाई थी... आप चाहते हैं कि चीन के सामने नतमस्तक हो जाए भारत। उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से सवाल किया कि भारत की सेना का मनोबल गिराने के बाद अब वह 135 करोड़ भारतीयों का मनोबल गिराने का प्रयास क्यों कर रहे हैं? उन्होंने पूछा, ‘‘या तो वह चीन से मिले चंदे के एहसान की वजह से ऐसा कर रहे हैं या चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से हुए करार के प्यार की वजह से कर रहे हैं।’’ भाजपा नेता ने राहुल गांधी से कहा कि भारत घूमने से नहीं बल्कि भारत को अनुभव करने से, भारतीयता समझ में आती है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत को समझिए। भारतीयता को समझिए। यह प्राचीन राष्ट्र है। हम एकमात्र प्रागैतिहासिक और सनातन राष्ट्र हैं और आपको लगता है कि हम भ्रम में हैं। मुझे लगता है कि चार पीढ़ी के बाद से भारत की खोज ही चल रही है।’’
No comments:
Post a Comment